रुद्रपुर | उत्तराखंड के रुद्रपुर में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए हमलावरों ने जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय के अंदर घुसकर एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात में मृतक का भाई और एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद से अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
मृतक की पहचान नितेश उर्फ राजकुमार जौहरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जगतपुरा (चौधरी पुलिया के पास) में आमने-सामने मोबाइल की दुकानें हैं। एक दुकान ‘राय टेलीकॉम’ के नाम से है, जबकि ठीक सामने दूसरे पक्ष की दुकान है। दोनों पक्षों के बीच ग्राहक बुलाने और दुकान के आगे कैमरा घुमाने (लगाने) जैसे मामूली विवाद को लेकर झगड़ा शुरू हुआ।
जगतपुरा में हुई मारपीट के दौरान दुकान पर काम करने वाले कशिश नाम के युवक का सिर फट गया, जबकि बीच-बचाव करने आए एक परिजन के हाथ पर भी सिलेंडर व डंडों से हमला किया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान बोला हमला
घायल कशिश को प्राथमिक उपचार और मेडिकल कराने के लिए परिजन व नितेश जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी अमन और उसके साथ आए दर्जनों युवकों ने अस्पताल परिसर (इमरजेंसी वार्ड/गेट के पास) में घुसकर नितेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अत्यधिक खून बह जाने के कारण नितेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हमले में नितेश का भाई और पहले से घायल कशिश भी जख्मी हुए हैं। कशिश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर परिजनों के गंभीर आरोप
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने आवास विकास चौकी पुलिस पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हर साल दीपावली के समय दूसरा पक्ष विवाद करता है। इस बार भी धनतेरस के दिन और उससे दो दिन पहले आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे थे, जिसकी लिखित शिकायत (तहरीर) चौकी में दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय कथित तौर पर यह कहकर टाल दिया कि “पहले आपस में लड़-भिड़ लो, उसके बाद फैसला करेंगे।”
मौके पर पहुंचे विधायक शिव अरोड़ा और एसपी सिटी
वारदात की सूचना मिलते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा और एसपी सिटी प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे।
- विधायक शिव अरोड़ा ने कहा: “अस्पताल के अंदर घुसकर इस तरह हत्या करना बेहद दुस्साहसपूर्ण और निंदनीय है। दोषियों को पाताल से भी ढूंढकर लाया जाएगा और सख्त सजा दिलाई जाएगी। साथ ही, परिजनों द्वारा पहले दी गई तहरीर पर पुलिस की लापरवाही के आरोपों की भी जांच होगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तय की जाएगी।”
- एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया: “ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। मेडिकल कराने अस्पताल आए युवकों पर दूसरे पक्ष के लड़कों ने चाकू से हमला किया, जिसमें नितेश की मृत्यु हो गई है और दो लोग घायल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG) और विभिन्न थानों की टीमें गठित कर दी गई हैं। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”
