चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार स्वयं विधानसभा क्षेत्र-55 के कुलेठी स्थित बूथ पहुंचे और दावे-आपत्तियों की सुनवाई से लेकर सत्यापन व्यवस्था तक हर पहलू का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि मतदाता सूची तैयार करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और हर पात्र मतदाता का नाम सही व अद्यतन रूप में दर्ज होना चाहिए।
बूथ पर परखी सुनवाई और सत्यापन व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया, अभिलेखों के रखरखाव तथा सुनवाई की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और तय समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
अधूरी मैपिंग और त्रुटियों को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं का विवरण अभी तक पूरी तरह मैप नहीं हो पाया है या जिनके रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति है, उनके मामलों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कर तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं का विवरण अभी तक पूरी तरह मैप नहीं हो पाया है या जिनके रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति है, उनके मामलों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कर तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
100 फीसदी अपडेट हो मतदाता सूची
मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि अभियान का लक्ष्य केवल नाम जोड़ना या संशोधन करना नहीं, बल्कि पूरी निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर संबंधित अधिकारियों तक सभी को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत मैपिंग पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मतदाताओं की सुविधा पर भी प्रशासन का फोकस
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुनवाई केंद्रों पर आने वाले लोगों के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली पर भी विशेष जोर दिया।

लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ा अभियान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी परेशानी के अपनी समस्या का समाधान मिल सके और किसी भी नागरिक का मताधिकार प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि जिनके नाम या विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि है अथवा जिनकी मैपिंग अभी शेष है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्र पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर पात्र नागरिक को निर्वाचक नामावली में सही स्थान दिलाना और जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी तथा त्रुटिरहित निर्वाचन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ बी.सी. पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह अधिकारी, डीएलएमटी नारायण सिंह, एईआरओ/तहसीलदार बृजमोहन आर्या आदि मौजूद रहे।
