रुद्रपुर। किसी शहर की असली ताकत उसकी ऊंची इमारतें नहीं, बल्कि वह भरोसा होता है जो संकट की घड़ी में अपने लोगों को संभाल सके। कुमाऊं के हजारों परिवारों ने वर्षों तक अपनों को बचाने की उम्मीद में दिल्ली, लखनऊ, चंडीगढ़ और दूसरे महानगरों की ओर दौड़ लगाई। कई बार इलाज से पहले रास्ता लंबा पड़ गया, कई बार खर्च ने परिवार की कमर तोड़ दी और कई बार अपनों से दूर रहने का दर्द अलग रहा। अब रुद्रपुर इस मजबूरी को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा चुका है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने 330 बेड क्षमता वाले पार्क हॉस्पिटल, रुद्रपुर के शुभारंभ की घोषणा की। इसके साथ ही कुमाऊं क्षेत्र को अपना सबसे बड़ा मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मिला है। अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और एक ही छत के नीचे बहु-विशेषता स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई।

यह शुरुआत केवल एक अस्पताल जोड़ने भर की नहीं मानी जा रही, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। रुद्रपुर और आसपास के जिलों के लोगों को अब कई जटिल उपचारों के लिए दूर के शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
“रुद्रपुर अब स्वास्थ्य सेवाओं का नया केंद्र बनेगा”
प्रेस वार्ता में पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. अंकित गुप्ता ने कहा कि रुद्रपुर में पार्क हॉस्पिटल की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सक और मरीज-केंद्रित व्यवस्था के माध्यम से उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
“इलाज के साथ भरोसा भी देंगे” : दीपक छाबड़ा
द मेडिसिटी अस्पताल के एमडी दीपक छाबड़ा ने कहा कि किसी भी अस्पताल की सबसे बड़ी पूंजी मरीज का विश्वास होता है। उन्होंने कहा कि पार्क हॉस्पिटल का प्रयास रहेगा कि मरीजों और उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील वातावरण भी मिले। उनका कहा कि अस्पताल केवल चिकित्सा सेवाओं का केंद्र नहीं, बल्कि लोगों के विश्वास का केंद्र बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल
‘द मेडिसिटी हॉस्पिटल’ में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, क्रिटिकल केयर, अंग प्रत्यारोपण समेत कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं, 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है। अस्पताल का उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र के मरीजों को उच्च स्तरीय तृतीयक और चतुर्थक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
पार्क ग्रुप का बढ़ा नेटवर्क
पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स वर्तमान में उत्तर भारत की प्रमुख अस्पताल श्रृंखलाओं में शामिल है। समूह 17 अस्पतालों का संचालन कर रहा है, जिनकी कुल क्षमता करीब 4,300 बेड है।

कंपनी तीन नए अस्पतालों के एकीकरण और तीन मौजूदा अस्पतालों में क्षमता विस्तार पर काम कर रही है। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद समूह के नेटवर्क में करीब 1,300 अतिरिक्त बेड जुड़ने की उम्मीद है। कंपनी का लक्ष्य मार्च 2028 तक अपनी कुल बेड क्षमता को बढ़ाकर लगभग 5,600 बेड करना है।
15 शहरों में मौजूदगी
पार्क ग्रुप की वर्तमान में दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, सोनीपत, अंबाला, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, बहरोड़, जयपुर, आगरा, पंचकूला और रुद्रपुर सहित 15 प्रमुख शहरों में मौजूदगी है।इसके अलावा समूह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और हरियाणा के रोहतक में भी अपने अस्पताल नेटवर्क का विस्तार कर रहा है।
कंपनी का कहना है कि रुद्रपुर अस्पताल के माध्यम से उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और समूह का उत्तर भारत में मल्टी-स्टेट हेल्थकेयर नेटवर्क और मजबूत होगा।
