चम्पावत । दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं और जनसेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिण्डोला में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में एक ही मंच पर विभिन्न विभागों ने योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर लाभ पहुंचाया। शिविर में कुल 556 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ मिला, जबकि 58 जनसमस्याएं दर्ज की गईं।
एक मंच पर मिलीं दर्जनों सरकारी सेवाएं
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी और पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ केवल जानकारी तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर कृषि योजनाओं तक मिला लाभ
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 81, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग ने 60, होम्योपैथिक विभाग ने 55, पशुपालन विभाग ने 52, उद्यान विभाग ने 48 और कृषि विभाग ने 25 लाभार्थियों को सेवाओं से जोड़ा।
राजस्व विभाग की ओर से 35 लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। अन्य विभागों ने भी पात्र लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया।
खास बात यह रही कि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा शिविर में अपनी शुगर की जांच कराई। वहीं, स्वीप अभियान के तहत मौजूद लोगों को निष्पक्ष निर्वाचन की शपथ भी दिलाई गई।
ग्रामीणों ने खुलकर रखीं अपनी समस्याएं
शिविर में लोगों ने सड़क, सोलर लाइट, गौशाला, तारबाड़ समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर 58 आवेदन दिए।
ग्राम पंचायत पुल्ला के दिकर सिंह भंडारी ने सड़क सुधारीकरण की मांग रखी। ग्राम जाख के गुमान राम और खुरपाली के मोहन चन्द्र ने सोलर लाइट समेत अन्य सुविधाओं की मांग अधिकारियों के सामने रखी।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
ब्याज मुक्त ऋण से लेकर सहायक उपकरण तक बांटे
सहकारिता विभाग ने पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत गणेश सिंह, मदन नाथ और सिद्ध बाबा एसएचजी बर्गोली समूह को ब्याज मुक्त ऋण योजना का लाभ देते हुए ऋण के चेक प्रदान किए।
सहायक निबंधक सहकारिता डीएस नपलच्याल ने किसानों से सहकारिता से जुड़कर शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।
वहीं, समाज कल्याण विभाग ने जरूरतमंदों को मौके पर ही सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। दिव्यांग मयंका देवी को व्हीलचेयर, जबकि पूरन सिंह, रमेश राम, शोभन सिंह सहित पांच लाभार्थियों को श्रवण यंत्र और पांच लाभार्थियों को छड़ी प्रदान की गई।

अधिकारियों ने लिया योजनाओं का फीडबैक, ग्रामीणों को मिला भरोसा
शिविर में उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डागर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, ग्रामीण मंडल से चंद्रशेखर बगौली, बलवंत गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलहिण्डोला का यह शिविर इस मायने में खास रहा कि ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय उनके अपने क्षेत्र में ही योजनाओं की जानकारी, सेवाएं और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया एक ही मंच पर उपलब्ध हुई।
