रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग की और से देर रात्रि रुद्रपुर-किच्छा क्षेत्र में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में फूलभट्टा, किच्छा और आसपास के शहरी क्षेत्रों में हुई चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 25 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई में ओवरलोडिंग के साथ टैक्स, फिटनेस और अन्य वैधानिक अनियमितताओं को लेकर भी वाहनों की जांच की गई।
ओवरलोडिंग पर सीधा प्रहार, चार वाहन जब्त
देर रात चले अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित किए जा रहे चार ओवरलोड वाहनों को जब्त किया। ओवरलोडिंग को सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की। अभियान के दौरान मालवाहक और यात्री वाहनों के साथ मोटरसाइकिलों की भी जांच की गई।
12 वाहन सीज, सात मालवाहक और चार यात्री वाहन शामिल
कार्रवाई के दौरान सीज किए गए कुल 12 वाहनों में 07 मालवाहक वाहन, 04 यात्री वाहन और 01 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न नियमों के उल्लंघन के मामलों में 25 वाहनों के चालान किए गए। विभागीय जांच में वाहनों के टैक्स, फिटनेस और अन्य आवश्यक वैधानिक अनुपालनों को भी परखा गया।

एआरटीओ नवीन कुमार सिंह की अगुवाई में लगातार सख्त प्रवर्तन जारी
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने को लेकर एआटीओ प्रवर्तन नवीन कुमार सिंह लगातार एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं । दिन हो या रात उनके नेतृत्व में प्रवर्तन अभियान लगातार क्षेत्र में चलाया जा रहा है । कार्रवाई का उद्देश्य महज चालान तक सीमित न रखते हुए सड़क पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना और ऐसे वाहनों के संचालन पर रोक लगाना है , जिनसे यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
देर रात की कार्रवाई से साफ संदेश—नियम तोड़े तो कार्रवाई तय
17 अगस्त की देर रात हुई इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि परिवहन नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर विभाग सख्ती जारी रखेगा। खासकर ओवरलोडिंग, बिना वैध टैक्स/फिटनेस और अन्य वैधानिक उल्लंघनों को लेकर प्रवर्तन टीम की निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विभाग का फोकस
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य सड़क पर सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
