रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशन में सड़क दुर्घटना तथा जातिसूचक गालियों के साथ मारपीट के गंभीर प्रकरण का सफल खुलासा कर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 07 अगस्त 2026 की रात्रि को एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई इस घटना की सूचना कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को प्राप्त हुई थी। अगले दिन दिनांक 08 अगस्त 2026 को वादी अंकित पुत्र श्री अशोक, निवासी गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 27 रुद्रपुर, कोतवाली पहुंचे और लिखित तहरीर दी।
तहरीर में उन्होंने बताया कि उसी रात उनके भाई अभिषेक तथा बुआ के लड़के जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड होते हुए घर लौट रहे थे। जब वे एलायंस कॉलोनी के गेट के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे तो पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो कार के चालक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से अभिषेक और जतिन गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए।
इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ गाड़ी से उतरा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों युवकों की मारपीट करने लगा। उसने फोन करके अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुलाया।
वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में दिनांक 08 अगस्त 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 सुसंगत धाराओं में पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए दिनांक 11 अगस्त 2026 को मुख्य अभियुक्त सन्नी चुघ पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, उम्र 32 वर्ष को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत विवेचना जारी रखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
- श्री अखिलेश कुमार, क्षेत्राधिकारी बाजपुर
- श्री प्रकाश दानु, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर
- श्री खुशवंत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर
- श्री दीपक कौशिक, प्रभारी चौकी रम्पुरा
- श्री शंकर भट्ट, कांस्टेबल कोतवाली रुद्रपुर
- श्री दीपक कुमार, कांस्टेबल कोतवाली रुद्रपुर
- श्री राजवीर शाही, कांस्टेबल कोतवाली रुद्रपुर
यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में हुई, जिसके चलते मामला शीघ्र सुलझाया जा सका।
