रुद्रपुर, 29 जुलाई 2026। नगर निगम रुद्रपुर के आठ नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित हुआ। शहरी पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री हेमा जोशी ने सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नव-नामित पार्षदों ने नगर हित में कार्य करने और रुद्रपुर को उत्तराखंड का सबसे विकसित एवं स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लिया।
विकास मॉडल की पूरे प्रदेश में हो रही चर्चा : हेमा जोशी
मुख्य अतिथि हेमा जोशी ने कहा कि सरकार और संगठन ने नामित पार्षदों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद जनसमस्याओं के समाधान, स्वच्छता, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में रुद्रपुर में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। शहर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास, सड़क चौड़ीकरण और वेंडिंग जोन जैसी योजनाओं के कारण रुद्रपुर का विकास मॉडल पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

125 करोड़ के विकास कार्य धरातल पर : महापौर
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नामित पार्षद नगर निगम की कार्यप्रणाली को और मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में पिछले डेढ़ वर्ष में करीब 125 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं। सड़क, पार्क, प्रकाश व्यवस्था, नालों के निर्माण, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भाजपा के निर्वाचित पार्षद नहीं हैं, वहां भी विकास कार्यों को गति देने के लिए नामित पार्षदों को जिम्मेदारी दी गई है।

इन पार्षदों ने ली शपथ
समारोह में संदीप वाल्मीकि, नरेश उप्रेती, राजन राठौर, विवेक रावत, अमित मिश्रा, जितेंद्र मौर्य, सतनाम सिंह सहित सभी नामित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन सहित नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


