रुद्रपुर। कांवड़ मेला और चेहल्लुम पर्व के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभाल ली है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शांति भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत अपराधियों पर शिकंजा
एसएसपी ने आगामी पर्वों को देखते हुए पूरे जनपद में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, किरायेदारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, यातायात रहेगा सुचारु
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी ने स्पष्ट रणनीति तय की। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, जुलूस मार्गों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। लगातार गश्त, मजबूत ट्रैफिक प्रबंधन और हर महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। एसएसपी अजय गणपति ने साइबर सेल और स्थानीय पुलिस को 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक पोस्ट, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और शांति समिति से समन्वय पर जोर
बैठक में धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा हर सूचना पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए कहा गया।

‘कानून से खिलवाड़ करने वालों पर जीरो टॉलरेंस’
बैठक के अंत में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कांवड़ मेला और चेहल्लुम दोनों ही जनपद के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इन पर्वों को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना ऊधमसिंहनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और पूरा पुलिस महकमा हाई अलर्ट मोड में रहकर जिले की हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखेगा।
