रुद्रपुर। शहर में आयोजित नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप में देशभर से जुटी खेल प्रतिभाओं ने अपनी हुनर और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। शनिवार को एक निजी विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में 22 राज्यों के करीब 1500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर रुद्रपुर को राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का केंद्र बना दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
## खेल प्रतिभाओं को मंच देना गौरव की बात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप का आयोजन जिले और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि फेंसिंग जैसे खेल को विद्यालय स्तर से बढ़ावा देने की दिशा में डीपीएस परिवार की पहल सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि उनमें प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना भी मजबूत करते हैं।

## जमीनी स्तर से निकलेंगे देश के भावी मेडलिस्ट
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ी किसी एक दिन तैयार नहीं होते। उनकी प्रतिभा को पहचानने और तराशने की प्रक्रिया जमीनी स्तर से शुरू होती है। विद्यालयों और स्थानीय स्तर पर होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं ही भविष्य के मेडलिस्ट तैयार करने की मजबूत नींव रखती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा भी फेंसिंग जैसे खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और यह खेल के लिहाज से उत्साहजनक संकेत है।

## एशियन गेम्स में बढ़ी भारत की मौजूदगी
नितिन सिंह भदौरिया ने फेंसिंग एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर अवसरों का असर अब बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे वैश्विक मंचों पर भारतीय फेंसिंग खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। पहले जहां सीमित संख्या में भारतीय फेंसर ही बड़े मंचों तक पहुंच पाते थे, वहीं अब भारत की पूरी टीम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व कर रही है और खिलाड़ी पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
## खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया
चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में करीब 1500 खिलाड़ियों की मौजूदगी ने आयोजन के व्यापक स्वरूप को दर्शाया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

## आयोजकों और प्रशिक्षकों को दी बधाई
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर डीपीएस के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, पवन अग्रवाल, अशोक बंसल, राजेंद्र श्रीधर, दमन ग्रोवर सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
