किच्छा। किच्छा नगर निकाय चुनाव 2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। चुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने किच्छा का दौरा कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
नवीन फल मंडी में बना स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किच्छा की नवीन फल मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए वहाँ तैनात सुरक्षा बलों, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति को बारीकी से देखा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए और चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मतदान पार्टियों की सहूलियत के लिए दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान संपन्न होने के बाद मत पेटियों को जमा करने की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने वहाँ लगाई गई टेबलों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि परिसर के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और मतदान पार्टियों को मत पेटियां प्राप्त करने या जमा करने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई जाए।
हाई मास्क लाइट और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने नवीन फल मंडी परिसर में तत्काल हाई मास्क लाइटें लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय भी पूरा परिसर रोशनी से सराबोर रहे। इसके साथ ही, चुनाव के दिन मंडी परिसर के बाहर वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए व्यवस्थित पार्किंग जोन बनाने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहा प्रशासनिक अमला
इस दौरान जिले के तमाम उच्चाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया एसएसपी अजय गणपति के साथ मुख्य रूप से निर्वाचन अधिकारी (आरओ) हिमांशु फलटिया, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गौरव पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल सहित पुलिस और प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।
