रुद्रपुर । ऊधमसिंहनगर पुलिस के अधिवर्षता एवं ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले छह अधिकारी एवं कर्मचारियों को शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक शासकीय दायित्व नहीं, बल्कि समाज, कानून और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं तथा अपने अनुभव, कार्यशैली और समर्पण से विभाग की अमूल्य धरोहर बन जाते हैं।
एसएसपी ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का औपचारिक समापन अवश्य है, लेकिन पुलिस परिवार से जुड़ा आत्मीय संबंध कभी समाप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान अर्जित अनुभव और मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके अनुकरणीय योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी।
अधिवर्षता से सेवानिवृत्त होने वालों में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी श्याम बहादुर थापा, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी दुर्गा सिंह भण्डारी, अपर उपनिरीक्षक (ना.पु.) राजेन्द्र प्रसाद पन्त तथा मुख्य आरक्षी (ना.पु.) महेश सिंह शामिल रहे। ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वालों में मुख्य आरक्षी (ना.पु.) कुन्दन सिंह बिष्ट एवं आरक्षी (ना.पु.) विजय नाथ गोरस्वामी शामिल रहे।
